टूटी पुलिया पर हो रही लीपापोती! कलेक्टर महोदय जनपद पंचायत शाहपुर की कार्यप्रणाली पर दें विशेष ध्यान
बैतूल/शाहपुर। जनपद पंचायत शाहपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढुमका रैय्यत में आंगनबाड़ी के पास स्थित पुलिया के निर्माण कार्य को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले से क्षतिग्रस्त पुलिया का स्थायी पुनर्निर्माण कराने के बजाय उसी टूटी पुलिया पर लीपापोती कर काम चलाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत ढुमका रैय्यत के पंच जीवन परते ने जनपद पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों, सरपंच एवं सचिव की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि पुलिया का निर्माण निर्धारित स्टिमेट एवं तकनीकी मापदंडों के अनुसार नहीं कराया गया, जिसके चलते पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई।
पंच जीवन परते का आरोप है कि निर्माण कार्य में ठेकेदारी व्यवस्था के चलते गुणवत्ता से समझौता किया गया। उनका कहना है कि पुलिया की वास्तविक स्थिति को देखते हुए उसका पुनर्निर्माण आवश्यक है, लेकिन इसके बजाय क्षतिग्रस्त हिस्से पर ही मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिया को बिना तकनीकी जांच के इसी तरह मरम्मत कर छोड़ दिया गया तो आने वाले समय में यह दोबारा क्षतिग्रस्त हो सकती है और ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी बढ़ सकती है।
पंच जीवन परते ने जिला कलेक्टर से मामले में विशेष ध्यान देने की मांग करते हुए संबंधित पुलिया का निष्पक्ष तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही स्वीकृत राशि, निर्माण की गुणवत्ता, उपयोग की गई सामग्री तथा कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग उठाई गई है।
अब सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन इस मामले की तकनीकी जांच कराकर जिम्मेदारी तय करेगा? या फिर टूटी पुलिया पर मरम्मत के नाम पर सरकारी राशि खर्च कर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
रिपोर्ट: दुर्गेश यादव
मध्यप्रदेश हेड
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें